नई दिल्ली: गर्मी के मौसम में कैसे अपने वजन को घटाएं, ये बहुत मुश्किल होता है क्योंकि वर्कआउट हो नहीं पाता और ज्यादा पानी पीने से भी वजन बढ़ता है। ऐसे में अगर आपका मेटाबॉलिज्म तेज होगा तो आपका वजन आराम से घट सकता है। ऐसे में इस बदलते मौसम में अगर आप अपने डाइट में गुलकंद का उपयोग करेंगे तो वजन तो घटेगा ही बल्कि बदलते मौसम से लड़ने में भी मदद मिलेगी। क्योंकि बदलते मौसम में बीमारियां भी ज्यादा होती हैं और पेट से संबधित समस्या से लोग परेशान होते हैं। तो आप गुलकंद का करें उपयोग, रखें अपने आप को रखें फिट, तरोताजा और ठंडा.
क्या है गुलकंद?
गुलकंद के साथ पान तो लगभग सभी ने खाया होगा क्योंकि गुलकंद के बिना पान खाने का मज़ा फीका पड़ जाता है। गुलकंद गुलाब की पंखुड़ियों से बनता है। ये खाने में जितना मीठा होता है उससे भी ज्यादा इसके फायदे हैं खासकर गर्मियों में। आपको बता दें कि गुलकंद आपके दिल की तेज धड़कनों को कंट्रोल करता है साथ ही आपके शरीर को भी हाइड्रेट करता है।

कैसे लें गुलकंद?
रात में 1 चम्मच पानी में डालकर सुबह तक ऐसे ही रहने दें और सुबह खाली पेट ये पानी पी लें। ये आपके वजन को कंट्रोल करेगा और शरीर को गर्मी से बचायेगा।
आप इसे 1 चम्मच पानी में डालकर दोपहर में भी ले सकते हैं लेकिन तब जब आप बहुत थका हुआ महुसूस कर रहे हों और आपने गुलकंद का सेवन सुबह ना किया हो।
रात को आधा गिलास दूध में 1 चम्मच गुलकंद का सेवन करने से आपको एसिडिटी और बदहज़मी से छुटकारा मिलेगा, पाचन शक्ति बढ़ेगी, पेट की गर्मी से राहत मिलेगी साथ ही रात को बहुत अच्छे से नींद भी आ जायेगी। अगर आपको भूलने की बीमारी है तो गुलकंद का उपयोग कर सकते हैं। दिन में एक या दो बार खाकर आपको भूलने की बीमारी से राहत मिल सकती है।
गुलकंद बनाने की सामग्री
250 ग्राम गुलाब की पंखुड़ियां
250 ग्राम पिसी हुई मिश्री
आधा चम्मच पिसी हुई सौंफ
4 इलाइची पिसी हुई

बनाने का तरीका
1- सबसे पहले गुलाब की पंखुड़ियों को फैला कर अच्छी तरह धो लें।
2- पानी सूख जाने पर पंखुड़ियों को बड़े और चौड़े आकार वाले बर्तन में रखें।
3- अब इस बर्तन में रखी गई गुलाब की पंखुड़ियों में मिश्री डाल कर अच्छे से मिक्स कर दें।
4- इलाइची और सौंफ को भी इसी मिश्रण में मिलाकर चम्मच की मदद से मिक्स कर दें।
5- फिर 10 दिन तक धूप में रखें और बीच बीच में हिलाते रहें।
6- मिश्री से रस निकल जाने के बाद गुलाब की पंखुड़ियां इसमें पिघल जायेंगी।
7- इस तरह 10 दिन में घर में ही गुलकंद बनकर तैयार हो जायेगा।
गुलकंद के नुकसान
गुलकंद अगर घर का बना हुआ हो तो कभी नुकसान नहीं करेगा। लेकिन बाहर के बने गुलकंद में केमिकल्स मिले रहने की संभावना होती है। ऐसा गुलकंद खाना नुकसानदेह साबित हो सकता है। इसलिए कोशिश करें कि घर पर हीं गुलकंद बनाये और इसका लाभ उठायें लेकिन अगर गुलकंद बाज़ार से खरीद रहे हैं, तो कोशिश करें कि वो ऑर्गेनिक हो और किसी विश्वसनीय ब्रांड का ही हो।